भाजपा के लिए अति महत्वपूर्ण है बूथ विस्तारक अभियान 2.0, प्रत्येक बूथ पर 11 लोगों को जोड़कर पन्ना समिति बनाएं- विधायक चेतन्य काश्यप

विधायक चेतन्य काश्यप ने भाजपा के बूथ विस्तारक अभियान 2.0 को महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने मंडल अध्यक्षों को सभी बूथों में 11-11 लोगों को जोड़कर पन्ना समिति बनाने के लिए कहा।

भाजपा के लिए अति महत्वपूर्ण है बूथ विस्तारक अभियान 2.0, प्रत्येक बूथ पर 11 लोगों को जोड़कर पन्ना समिति बनाएं- विधायक चेतन्य काश्यप
विधायक चेतन्य काश्यप मंडल अध्यक्षों को संबोधित करते हुए।

शहर विधानसभा क्षेत्र के मंडलों में हुए कार्यों की समीक्षा

एसीएन टाइम्स @ रतलाम भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे बूथ विस्तारक अभियान 2.0 की समीक्षा विधायक चेतन्य काश्यप ने की। उनके द्वारा शहर विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडलों में अभियान के तहत अब तक हुए कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में अध्यक्ष और महामंत्री से मंडल में किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई। बूथ विस्तारक में यदि कहीं कोई परेशानी आ रही हो तो उसके बारे में भी पूछताछ कर निराकरण के निर्देश दिए।

विधायक काश्यप द्वारा समीक्षा बैठक के दौरान सभी मंडल अध्यक्ष व पदाधिकारियों से बूथ विस्तारक को लेकर और अधिक कार्य करने की बात कही। पदाधिकारियों से चर्चा में बूथ विस्तारक अभियान को पार्टी का अतिमहत्वपूर्ण कार्य बताया। इसमें बूथ पर नए लोगों को जोड़ने के लिए कहा, जिससे कि बूथ को मजबूती मिल सके। प्रत्येक बूथ पर 11 लोगों को जोड़कर पन्ना समिति बनाते हुए उसे दायित्व सौंपा जाए। बूथ का विस्तार करने के दौरान इस बात कार विशेष ध्यान रखने की बात कही कि सक्रिय कार्यकर्ताओं को ही इसमें जोड़ा जाए, ताकि अभियान सार्थक हो। बैठक के दौरान मंडल अध्यक्ष आदित्य डागा, विनोद यादव, मंडल महामंत्री हेमंत राहोरी, नंदकिशोर पंवार एवं सुबेंद्रसिंह गुर्जर आदि उपस्थित रहे।

भाजपा कार्यालय में कॉल सेंटर का शुभारंभ होगा

बूथ विस्तारक अभियान 2 के सफल संचालन हेतु पैलेस रोड स्थित जिला कार्यालय मे काॅल सेन्टर खोला जाएगा। इसका शुभारंभ 20 मार्च को 11:30 बजे जिलाध्यक्ष करेंगे। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी ने बताया कि बूथ विस्तारक अभियान के तहत् जिले के समस्त शक्ति केन्द्र एवं बूथों पर पार्टी के विस्तार का कार्य चल रहा है। इसमे सोशल मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है। अभियान की जानकारी संगठन एप्प पर प्रेषित की जा रही है। अभियान के दौरान बूथ एवं शक्ति केन्द्रों पर पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को कोई परेशानी न हो, इसके लिए काॅल सेंटर आरंभ होगा। इसमे भाजपा के सोशल मीडिया  एवं आई.टी. विभाग के पदाधिकारियों के साथ जिले पदाधिकारी उपलब्ध रहेंगे। इनके द्वारा अभियान के दौरान होने वाली परेशानी को तत्काल दूर किया जाएगा।