जीत का जश्न : रतलाम जिले में शानदार जीत पर भाजपा ने मतदाताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया, जिला अध्यक्ष उपाध्याय ने मंत्री काश्यप को खिलाई मिठाई, प्रबंध समिति सदस्य सोनी ने उपाध्याय को दी बधाई

भाजपा ने रतलाम में शानदार जीत हासिल कर फिर रिकॉर्ड बनाया। जिले से जुड़े तीनों लोकसभा क्षेत्रों से भाजपा प्रत्याशियों की जीत का जश्न पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर और एक-दूसरे का मुंह मीठा करा कर मनाया।

जीत का जश्न : रतलाम जिले में शानदार जीत पर भाजपा ने मतदाताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया, जिला अध्यक्ष उपाध्याय ने मंत्री काश्यप को खिलाई मिठाई, प्रबंध समिति सदस्य सोनी ने उपाध्याय को दी बधाई
रतलाम जिले में भाजपा की शानदार जीत पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर करते हुए।

जिलाध्यक्ष उपाध्याय ने कैबिनेट मंत्री काश्यप को मुंह मीठा करा कर बधाई दी

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने रतलाम जिले से जुड़ी तीनों लोकसभा सीटों पर शानदार जीत दर्ज की है। रतलाम-झाबुआ-अलीराजपुर संसदीय सीट पर 2 लाख से अधिक मत, मंदसौर-जावरा सीट पर साढ़े चार लाख से अधिक मत और उज्जैन-आलोट सीट पर 3 लाख से अधिक मतों भाजपा प्रत्याशी विजयी रहे। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी और एक-दूसरे का मुंह मीठा करा कर जीत का जश्न मनाया। भाजपा ने जिले के मतदाताओं को इस जीत पर धन्यवाद ज्ञापित किया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप, ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर, जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय एवं आलोट विधायक डॉ. चिन्तामणि मालवीय ने लोकसभा चुनाव की जीत पर मतदाताओं को धन्यवाद देते हुए प्रचण्ड जीत का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत को दिया है। उन्होंने कहा कि जिले के मतदाताओं ने भाजपा नेतृत्व के प्रति जो उत्साह जताया है, उसे कायम रखते हुए पार्टी विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन करती रहेगी।

पार्टी के पितृ पुरुषों और भारत माता के चित्र पर किया माल्यार्पण

जिला मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी ने बताया कि चुनाव परिणाम आने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने पैलेस रोड स्थित कार्यालय पहुंचकर जीत की खुशियां मनाईं। कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप एवं जिलाध्यक्ष उपाध्याय की उपस्थिति में पहले भाजपा के पितृपुरुषों पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी तथा भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर बधाइयां दी। इसके बाद कार्यालय के बाहर जमकर आतिशबाजी भी की गई।

कैबिनेट मंत्री काश्यप को साफा पहनाकर बधाई दी

भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता इसके बाद रतलाम शहर विधानसभा के चुनाव कार्यालय पहुंचे और कैबिनेट मंत्री काश्यप के नेतृत्व में जीत की खुशियां मनाई। यहां मंत्री काश्यप को साफा पहनाकर बधाइयां दी।

इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य, विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल, जिला महामंत्री निर्मल कटारिया, कोषाध्यक्ष जयवंत कोठारी, कार्यालय मंत्री मनोज शर्मा, मण्डल अध्यक्ष विनोद यादव, पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा, विधानसभा सह संयोजक प्रहलाद राठौड़, प्रबंध समिति सदस्य प्रवीण सोनी, विनोद करमचंदानी, पवन सोमानी, हेमन्त राहोरी, सुबेन्द्र सिंह, गुर्जर एवं पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

भाजपा नेता सोनी ने जिला अध्यक्ष उपाध्यक्ष की सराहना

रतलाम जिले में भाजपा को मिली शानदार जीत के लिए भाजपा के प्रबंध समिति सदस्य प्रवीण सोनी ने जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय के कुशल नेतृत्व की सराहना की है। उन्होंने रतलाम जिले के अंतर्गत तीनों लोकसभा क्षेत्रों से ऐतिहासिक मतों से भाजपा प्रत्याशियों के विजयश्री होने पर बधाई देते हुए शुभकामनाएं दी। सोनी ने कहा है कि निश्चित ही यह उपाध्याय के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के समस्त निष्ठावान कार्यकर्ताओं द्वारा प्रण प्राण से बूथ स्तर तक की गई मेहनत का परिणाम है।