ग़ज़ल 2 जून के लिए... ग़रीबों को मिले ‘आशीष’ दो जून रोटी का- आशीष दशोत्तर

आज 2 जून है। वैसे तो यह एक महीने की तारीख है लेकिन दो जून का आशय दो वक्त से भी है जिसकी रोटी के लिए ही आदमी ताउम्र जद्दोजहद करता है। जद्दोजहद पर आधारित एक ग़ज़ल, आप भी पढ़ें और दूसरों को भी पढ़ाएं।

Jun 1, 2024 - 23:55
 0
ग़ज़ल 2 जून के लिए... ग़रीबों को मिले ‘आशीष’ दो जून रोटी का- आशीष दशोत्तर
ग़ज़ल... मसअला दो जून की रोटी का।

आसरा दो जून रोटी का...

 

प्रश्न है कब से खड़ा दो जून रोटी का,

आज भी है मसअला दो जून रोटी का।

 

मुफ़्तखोरी बढ़ रही है मुल्क में कितनी,

है मगर क्यों फ़ासला दो जून रोटी का।

 

आप सुनते आ रहे हैं सात दशकों से,

ख़त्म होगा मुद्दआ दो जून रोटी का।

 

ऐ महल वालों कभी फुर्सत मिले तुमको,

हाल क्या है सोचना दो जून रोटी का।

 

आपकी हालत सुधरती ही गई लेकिन,

दायरा कुछ घट गया दो जून रोटी का।

 

दूरियां बढ़ती गई लब से निवालों की,

खूब नारा तो लगा दो जून रोटी का।

 

हम ग़रीबों को मिले 'आशीष' थोड़ा सा,

अब यहां पर आसरा दो जून रोटी का।

 

आशीष दशोत्तर

संपर्क : +91 9827084966

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।