समाजसेवी काकानी ने मातृशक्ति के लिए समर्पित किया 96वां रक्तदान, 2021 में घातक बीमारियों के बीच स्वस्थ रहकर चौथी बार रक्तदान को बताया सौभाग्य

समाजसेवी व काकानी वेलफेयर सोसायटी के गोविंद काकानी ने 96वीं बार रक्तदान किया। उन्होंने इसे मातृशक्ति के लिए समर्पित किया। 2021 में घातक बीमारियों के बीच भी स्वस्थ रह कर चौथी बार रक्तदान कर पाने को अपना सौभाग्य बताया।

Jan 1, 2022 - 01:02
Jan 1, 2022 - 01:04
 0
समाजसेवी काकानी ने मातृशक्ति के लिए समर्पित किया 96वां रक्तदान, 2021 में घातक बीमारियों के बीच स्वस्थ रहकर चौथी बार रक्तदान को बताया सौभाग्य
96वीं बार रक्तदान करते समाजसेवी गोविंद काकानी।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रक्त फैक्टरी में नहीं बनता और न ही किसी पेड़-पौधे से मिलता है। यह ईश्वर द्वारा दिया गया एक वरदान है जो सिर्फ इंसान से इंसान को स्थानांतरित हो सकता है। इस को आत्मसात करते हुए समाजसेवा गोविंद ककानी रक्तदान करने का कोई अवसर नहीं छोड़ते। शुक्रवार को उन्होंने 96वीं बार रक्तदान किया। इसे उन्होंने मातृशक्ति के लिए समर्पित करते हुए वर्ष 2021 में चौथी बार रक्तदान कर पाने को अपना सौभाग्य बताया।

जिला आपदा प्रबंधन समिति, रोगी कल्याण समिति सदस्य और काकानी वेलफेयर सोसायटी के गोविंद काकानी के अनुसार 2021 वर्ष में यह उनका चौथा रक्तदान है। इस वर्ष घातक बीमारियों ने देश-दुनिया में तबाही मचाई। ऐसे में वे न सिर्फ स्वस्थ रहे बल्कि चौथी बार रक्तदान भी कर पाए। उन्हें यह सौभाग्य मातृशक्ति के कारण ही संभव हुआ है।

मातृशक्ति को स्वस्थ बनाना व कुपोषित बच्चों को सुपोषित करने का होगा प्रयास

काकानी का कहना है कि बच्चा तभी कुपोषित होता है, जब मां सुपोषित न हो। कुपोषित गर्भवती मां से होने वाली संतान कुपोषित ही रहेगी। मां का कुपोषित रहना हम सबके लिए, जागृत समाज के लिए और दानवीर महर्षि दधीचि और कर्ण के देश में शर्मनाक ही कहलाएगा। इसे ध्यान रखते हुए इस वर्ष हम मातृशक्ति को स्वस्थ बनाना और कुपोषित बच्चों को सुपोषित कर समाज की मुख्यधारा में जोड़ने का प्रयास रहेगा।

काकानी के रक्तदान करने के दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष विवेक बक्शी, मनीष बाविस्कर, मधु जोशी, भारती पाल, ललित शर्मा, तोल सिंह, विशाल जाधव, लालू वसुनिया, मानव सेवा समिति डॉ. इंदरमल मेहता, अध्यक्ष मोहनलाल पाटीदार (मुरलीवाला), संस्थापक ज्ञानमल सिंगावत व अन्य मौजूद रहे। सभी ने संकल्प लिया कि हम सब इस वर्ष कुपोषित मातृशक्ति के लिए अधिक से अधिक रक्तदान कर भारत के भविष्य को उज्जवल बनाने में सहयोग प्रदान करेंगे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।