24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ, प्रज्ञा पुराण कथा और तुलसी विवाह 12 से 15 जनवरी तक, दानदाताओं ने की बड़ी घोषणाएं, आप भी बनें सहभागी

अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में रतलाम में 12 से 15 जनवरी तक 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ, प्रज्ञा पुराण कथा व तुलसी विवाह सहित विभिन्न अनुष्ठान होंगे।

24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ, प्रज्ञा पुराण कथा और तुलसी विवाह 12 से 15 जनवरी तक, दानदाताओं ने की बड़ी घोषणाएं, आप भी बनें सहभागी
24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में आयोजन के बारे में अवगत कराते गायत्री परिवार के विकास सैवाल।

आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक और विचार गोष्ठी का हुआ आयोजन, समाजसेवियों और प्रबुद्धजनों ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । नववर्ष में रतलाम शहर एक बार फिर धर्ममय होगा। 12 से 15 जनवरी तक अखिल विश्व गायत्री परिवार रतलाम शाखा द्वारा 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। मकर संक्रांति पर्व पर यह अनुष्ठान शहर के राजीव गाँधी सिविक सेंटर प्रांगण स्थित काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर के पास यज्ञस्थल पर होगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को कालिकामाता मंदिर परिसर के सभागृह में बैठक हुई। इसमें समाजसेवियों और लोगों ने तन-मन-धन से सहयोग देने की घोषणा के साथ महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

शहर में 12 साल बाद 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ हो रहा है। इसकी तैयारियों को लेकर हुई बैठक में मंच पर ऋतु सैनी व डॉली साहू आदि ने भजन की प्रस्तुत दी। बैठक के पहले मिलन समारोह रखा गया। स्वागत भाषण मुख्य ट्रस्टी गायत्री परिवार ट्रस्ट नगर रतलाम पातीराम शर्मा ने देते हुए आयोजन की रूपरेखा बताई। पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, समाजसेवी अनिल झालानी, सनातन सोशल ग्रुप के संयोजक मुन्नालाल शर्मा, गोविंद काकानी राधावल्लभ खंडेलवाल, डॉ. रत्नदीप निगम, अरुण राव, राजपूत समाज से राजेंद्र गोयल, पूर्व पार्षद आशा उपाध्याय, जनक नागल, सोहनलाल व्यास, राठौर समाज अध्यक्ष कैलाश जमादार, राजेंद्र राठौड़ आदि ने संबोधित किया।

इन्होंने ये घोषणाएं भी की

समाजसेवी अनिल झालानी ने आयोजन के लिए 1 लाख 11 हजार रुपए देने तथा बीएल पुरोहित ने 21 हजार अनुदान देने की घोषणा की। महेंद्र चौहान ने 1 क्विंटल हवन सामग्री व अगरबत्ती, पूर्व रतलाम केसरी जगदीश पहलवान एवं शंकरलाल राठौड़ ने 11 क्विंटल शक्कर देने की घोषणा की। बाहर से आने वाले लोगों को ठहराने के लिए राजेंद्र गोयल ने राजपूत बोर्डिंग व जनक नागल ने समाज की धर्मशाला उपलब्ध कराने की बात कही।

कलश यात्रा के लिए वार्डों में होगा आह्वान

बैठक में निर्णय लिया गया कि कलश यात्रा को लेकर शहर के 49 वार्डों में से महिलाओं को इस आयोजन से जोड़ कर शामिल किया जाए। साथ ही अन्य मुख्य बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान गायत्री परिवार के शिवपाल छत्री सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन, मातृ शक्ति, गायत्री परिवार सदस्य मौजूद रहे। संचालन विकास सेवाल ने किया। आभार पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश प्रभु राठौड़ ने माना।

गायत्री यज्ञ के साथ होंगे विभिन्न संस्कार

कार्यक्रम में अखिल विश्व गायत्री परिवार के मुख्यालय शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे विद्वजनों की टोली गायत्री यज्ञ एवं विभिन्न संस्कार सम्पन्न करवाएगी। नारी सम्मेलन, सर्वधर्म सम्मेलन, नारी शक्ति सम्मान, युवा सम्मेलन, युवा प्रतिभा सम्मान, धर्मगुरुओं का सम्मान, समाज के अग्रजो का सम्मान समारोह होगा। यज्ञ में भाग लेना पूर्णत: नि:शुल्क रहेगा। इसके लिए पात्रता नित्य जीवन में ईश्वरीय उपासना तथा दक्षिणा स्वरूप अपनी एक बुराई का त्याग और एक अच्छाई का ग्रहण करना रहेगी।

ये संस्कार भी होंगे

गायत्री परिवार जनमानस में सनातन संस्कार पद्धति के पुनर्जीवन के लिए निरंतर समर्पित भाव से प्रयासरत है। इसी क्रम में गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष पुंसवन संस्कार के साथ शिशुओं के लिए नामकरण, अन्नप्राशन, मुण्डन, विद्यारम्भ तथा यज्ञोपवित (जनेऊ) संस्कार तथा गुरु दीक्षा, जन्म दिवस, विवाह दिवस आदि संस्कार भी होंगे। 13 से 15 जनवरी तक प्रतिदिन प्रात: यज्ञ के समय विभिन्न संस्कार नि:शुल्क सम्पन्न होंगे। इनमें भाग लेने के लिए गायत्री परिवार के परिजन से सम्पर्क कर पंजीयन करवाना होगा।

पुस्तक मेले में प्रदर्शित होंगे 3 हजार से ज्यादा पुस्तकें

कार्यक्रम स्थल पर गायत्री परिवार के संस्थापक वेदमूर्ति पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा रचित 3000 से अधिक युगसाहित्य में से चयनित पुस्तकों का नि:शुल्क वितरण होगा। अन्य पुस्तकों के प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए पुस्तक मेला भी लगेगा। संगीता एवं प्रकाश प्रभु राठौड़ के परिवार द्वारा गायत्री मंत्र से अभिमंत्रित सिद्ध रुद्राक्ष, गंगाजल, गुरुगीता, गायत्री चालीसा, श्रीमद भागवत गीता एवं पूज्य गुरुदेव रचित पुस्तक 'सुनसान के सहचर' एवं 'हमारी वसीयत और विरासत' का नि:शुल्क वितरण किया जाएगा।

यह भी होगा खास

आयोजन स्थल पर परिवार द्वारा संग्रहित 108 धार्मिक स्थलों के जल, रज (मिट्टी), विभिन्न नदियों के जल एवं अभिमंत्रित पूजित बालगोपाल के दिव्य दर्शन, अनुष्ठित एवं देवपूजित दिव्य कलश विशेष रूप से दर्शनार्थ रहेंगे। इसके अतिरिक्त 24-24 हजार के 24 महापुरश्चरण साधना सम्पन्न होने की महापूर्णाहुति की जाएगी।

कब-क्या होगा

12 जनवरी 2023 : दोपहर 2 बजे कालिका मंदिर प्रांगण से विराट कलश यात्रा के साथ अनुष्ठान का शुभारंभ। इस मंगल कलश यात्रा का समापन शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ कार्यक्रम स्थल काशी विश्वनाथ मंदिर के पास, राजीव गांधी सिविक सेंटर प्राँगण, रतलाम पर होगा। कलश पूजन के पश्चात गायत्री परिवार द्वारा घोषित नारी सशक्तिकरण वर्ष के अंतर्गत नारी जागरण सम्मेलन तथा नारी शक्ति सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

13 जनवरी : सुबह 8 बजे देव आह्वान एवं देवपूजन के माध्यम से 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ प्रारम्भ होगा। दोपहर 2 बजे से शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे विद्वजन द्वारा पूज्य गुरुदेव रचित प्रज्ञा पुराण कथा का आयोजन होगा। शाम 5 बजे युवा सम्मेलन एवं युवा प्रतिभा सम्मान का आयोजन किया जाएगा।

14 जनवरी : सुबह 8 बजे गायत्री महायज्ञ होगा। दोपहर 2 बजे प्रज्ञा पुराण कथा होगी। शाम 5 बजे विराट दीप महायज्ञ के साथ सर्वधर्म सम्मेलन एवं धर्मगुरुओं का सम्मान किया जाएगा।

15 जनवरी : सुबह 8 बजे से चार दिवसीय गायत्री महायज्ञ की पूर्णाहुति एवं आहवाहित देवताओं के विदाई के साथ समापन होगा। इस अवसर पर समाज के अग्रजों का सम्मान किया जाएगा।

अधिक जानकारी के लिए इन गायत्री परिजन से करें संपर्क

  • पातीराम शर्मा (मुख्य ट्रस्टी गायत्री परिवार रतलाम शाखा) - 8815218270
  • प्रकाश प्रभु राठौर (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) - 942508100
  • विवेक चौधरी (पत्रकार एवं समाजसेवी) - 9425103182
  • एमएम साहू – 9424824088
  • अर्जुनसिंह चौहान – 9424583513